आठ फीट 10 इंच के बाल… हल्द्वानी की रेणु ने 11 साल की मेहनत के बाद बनाया विश्व रिकॉर्ड

हल्द्वानी की रेणु धरियाल ने 11 वर्षों की मेहनत के बाद 271.50 सेंटीमीटर लंबे बालों के साथ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया और सबसे लंबे बालों वाली जीवित महिला बनीं।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हल्द्वानी (उत्तराखंड): आमतौर पर लंबे बाल किसी महिला की खूबसूरती का एक अहम हिस्सा माने जाते हैं लेकिन उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी की रेणु धरियाल के लिए यही लंबे बाल अब उनकी पहचान, जुनून और विश्व रिकॉर्ड बन चुके हैं।

आठ फीट 10 इंच यानी 271.50 सेंटीमीटर लंबे बालों के साथ रेणु ने ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में अपना नाम दर्ज करवाकर हल्द्वानी को दुनिया के नक्शे पर अंकित कर दिया है।

मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले की रेणु वर्तमान में हल्द्वानी के कठघरिया क्षेत्र में रहती हैं। बचपन में लंबे बाल रखने की उनकी एक छोटी-सी ख्वाहिश वक्त के साथ जुनून में बदल गई। उन्होंने 2015 में अपने बालों को बढ़ाना शुरू किया और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।

करीब 11 वर्षों तक लगातार देखभाल, धैर्य और मेहनत का नतीजा आज उनके सिर पर दुनिया के सबसे लंबे बालों के रूप में मौजूद है। रेणु के बालों की लंबाई देखकर पहली नजर में यकीन करना मुश्किल होता है। लेकिन यह कोई दावा भर नहीं, बल्कि ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ की प्रक्रिया से गुजरी प्रमाणित उपलब्धि है।

रेणु ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अप्रैल में ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ की टीम हल्द्वानी पहुंची और उनके बालों की विधिवत जांच एवं माप ली जिसमें उनकी लंबाई 271.50 सेंटीमीटर दर्ज की गई। इसी के साथ रेणु का नाम सबसे लंबे वालों वाली जीवित महिला के रूप में रिकॉर्ड हो गया ।

इससे पहले, सबसे लंबे बालों का यह रिकॉर्ड यूक्रेन की आलिया नासिरोवा के नाम दर्ज था जिनके बालों की लंबाई 257.33 सेंटीमीटर दर्ज की गई थी।

इतने लंबे बाल रखना जितना सुनने में रोमांचक लगता है, उन्हें संभालना उतना ही मुश्किल है। हालांकि, 35 वर्षीय रेणु के लिए बालों की देखभाल रोजमर्रा की जिंदगी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि बालों को जमीन से दूर रखने के लिए उन्हें विशेष तरीके से चोटी बनानी पड़ती है जबकि बाल धोने, सुखाने और उन्हें सुलझाने में कई घंटे लग जाते हैं।

रेणु के मुताबिक, लंबे बालों के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों में भी अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है, इसके बावजूद उन्होंने कभी अपने इस जुनून को बोझ नहीं माना।

उन्होंने कहा कि लंबे बालों को बनाए रखने के लिए धैर्य सबसे जरूरी है।

उन्होंने कहा कि उनके लिए उनके बाल सिर्फ रिकॉर्ड नहीं हैं बल्कि वे भारतीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा हैं जहां हमेशा से उन्हें सुंदरता और नारीत्व का प्रतीक माना जाता रहा है ।

रेणु सिर्फ विश्व रिकॉर्डधारक ही नहीं हैं, बल्कि एक ‘कंटेंट क्रिएटर’ और यूट्यूबर के रूप में भी उनकी पहचान है। वह अपने लंबे बालों की देखभाल, अनुभव और ब्यूटी टिप्स से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाती रहती हैं ।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।