मोदी कूटनीतिक उपलब्धियां लेकर लौटे, राहुल विदेश में ‘साजिश’ रच रहे होंगे : भाजपा

भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए उपलब्धियां गिनाईं और राहुल गांधी पर विदेश दौरे के दौरान देशविरोधी साजिश रचने का आरोप लगाया।

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया विदेश यात्राओं की उपलब्धियों का रविवार को ‘‘रिपोर्ट कार्ड’’ पेश किया और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री देश के लिए ‘जीत’ हासिल करके लौटे हैं, जबकि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अपनी विदेश यात्रा पर बंद कमरों में ‘‘साजिश’’ रच रहे होंगे।

पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की उस टिप्पणी का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने मोदी की कई नीतियों को अपनाया है। पात्रा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ने मोदी का ‘‘थोड़ा भी अनुसरण किया होता’’ तो वह 99 चुनाव नहीं हारते।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत में आए बदलाव को स्वीकार करने संबंधी न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की टिप्पणी का हवाला देते हुए कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। पात्रा ने कहा, ‘‘जरा सोचिए कि न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने क्या कहा… जबकि भारत में कांग्रेस पार्टी इसे स्वीकार करने से इनकार करती है। मुझे लगता है कि हमारे विपक्ष को भी कुछ सीखना चाहिए।’’

उन्होंने मोदी की इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्राओं की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘प्रधानमंत्री विदेश यात्रा पर गए और राहुल गांधी भी। प्रधानमंत्री देश के लिए जीत लेकर लौटे, जबकि राहुल गांधी बंद कमरों में निश्चित रूप से साजिश रच रहे होंगे।’’ पात्रा ने आरोप लगाया कि गांधी संभवतः यह ‘‘साजिश’’ रच रहे हैं कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हो रहे अच्छे कामों में बाधा कैसे डाली जाए।

सांसद पात्रा ने कहा, ‘‘आप सोच रहे होंगे कि ‘राहुल बाबा’ कहां हैं। पता लगाने की कोशिश कीजिए। प्रयागराज में 10 जुलाई को होने वाला उनका एक कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। पटना में भी एक कार्यक्रम था, वह भी स्थगित हो गया। उनके पासपोर्ट पर शायद लंदन, आइसलैंड और जर्मनी जैसी जगहों की मुहरें लगी हों, कौन जाने? वह यात्रा पर निकले हैं।’’

Share This Article