
रांची : पढ़ाई, परीक्षा और करियर की चिंता के बीच छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए रांची विश्वविद्यालय में ‘हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर’ चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत 8 अप्रैल 2026 को हुई थी। अब तक करीब 72 से 75 छात्र और अन्य लोग यहां की सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं।
सेंटर के निदेशक और मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. परवेज हसन ने बताया कि सप्ताह में तीन दिन सीआईपी के प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिक छात्रों की काउंसलिंग करते हैं। बाकी दिनों में विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ यह जिम्मेदारी निभाते हैं। छात्रों की परेशानी पूरी गोपनीयता के साथ सुनी जाती है। यहां किसी तरह की दवा नहीं दी जाती, बल्कि काउंसलिंग से तनाव और मानसिक परेशानी कम करने का प्रयास होता है।
प्रो. हसन के अनुसार परीक्षा का दबाव, करियर की चिंता, पारिवारिक तनाव, सोशल मीडिया और मोबाइल गेमिंग की लत छात्रों को प्रभावित कर रही है। जरूरत पड़ने पर अभिभावकों को भी काउंसलिंग में बुलाया जाता है। सेंटर की सभी सेवाएं पूरी तरह निशुल्क हैं और इसका संचालन सीएसआर फंड से हो रहा है।

