
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल ने पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर इलाके में अपनी पत्नी की उसके जन्मदिन पर कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक के परिजनों ने सोमवार को यह जानकारी दी। पीड़िता प्रियंका (30) के परिवार ने यह भी दावा किया कि दंपति मोटरसाइकिल पर एक साथ घर से निकले थे और उनके बीच सड़क पर तीखी बहस शुरू हो गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मनीष भाटी के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस के वाहन रोधी दस्ते में तैनात है और घटना के बाद से फरार है। पीड़िता के भाई राहुल और मनीष के अनुसार, उनकी बहन के जन्मदिन के मौके पर दंपति अपने न्यू विनोद नगर स्थित घर से रविवार देर रात कहीं जाने के लिए बाइक से निकले थे और रास्ते में उनके बीच कथित रूप से बहस होने लगी जिसके बाद कांस्टेबल ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के नजदीक अपनी पत्नी को कथित रूप से गोली मार दी। इसके बाद वह उसे गंभीर रूप से घायल छोड़कर भाग गया। वहां से गुजर रहे सामान पहुंचाने वाली कंपनी के एक प्रतिनिधि को पीड़िता प्रियंका सड़क किनारे पड़ी हुई मिली। पुलिस ने कहा कि वह उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्र ने कहा कि जांच के दौरान, पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपी को अपराध स्थल से निकलते हुए देखा गया है। आरोपी का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जबकि फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने अपराध स्थल की जांच की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिवार के सदस्यों के अनुसार, दंपति की शादी 2023 में हुई थी। प्रियंका अशोक विहार के एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं, जबकि आरोपी दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है। महिला के परिवार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर उत्पीड़न का शिकार होना पड़ रहा था। उन्होंने दावा किया कि पहले महिला प्रकोष्ठ में शिकायत दर्ज की गई थी लेकिन रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझ गया था। परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी पीड़ित परिवार से पैसे की मांग कर रहा था। पुलिस ने कहा कि परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सत्यापित किया जा रहा है और सबूतों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हत्या के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और जांचकर्ता दंपति के वैवाहिक संबंध, पिछली शिकायतों और हत्या से संबंधित संभावित अन्य पहलुओं की जांच कर रहे हैं।

