
सड़कों की चौड़ाई और टर्निंग प्वाइंट को देखते हुए बनाई गई योजना
अभी ढाई दर्जन बसों का संचालन कर रहा रांची नगर निगम
VIVEK SHARMA
रांची : राजधानी रांची की यातायात व्यवस्था को सुगम और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जल्द ही छोटी इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू करने की तैयारी है। शहर की सड़कों की चौड़ाई और मोड़ को ध्यान में रखते हुए नगर निगम और नगर विकास विभाग ने मंथन के बाद यह महत्वपूर्ण फैसला लिया है।
सड़कों की स्थिति के अनुसार फैसला
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि रांची की कई मुख्य और कनेक्टिंग सड़कों पर बड़ी बसों के मुड़ने और चलने में ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा होती है। ऐसे में छोटी इलेक्ट्रिक बसें आकार में संकरे रास्तों और तंग मोड़ों पर भी आसानी से निकल सकेंगी। इन बसों के परिचालन से शहर में ध्वनि और वायु प्रदूषण में कमी आएगी। साथ ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट में सफर करने वालों को एक सस्ता और आरामदायक परिवहन का विकल्प मिलेगा।
2 दर्जन बसों के भरोसे लोग
वर्तमान में रांची नगर निगम केवल 2 दर्जन डीजल बसों का संचालन कर रहा है, जो आबादी के लिहाज से नाकाफी हैं। छोटी ई-बसों के शामिल होने से नगर निगम के बेड़े का विस्तार होगा और रूट कवरेज में सुधार होगा। नगर विकास विभाग के निर्देश पर रांची नगर निगम अब इन बसों के रूट निर्धारण, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और टेंडर प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इस पहल से न केवल शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि रांचीवासी एक आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सेवा का लाभ उठा सकेंगे।

