

नई दिल्ली : इस साल की वार्षिक अमरनाथ यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 12वें दिन तीन लाख के पार पहुंच गई, जो एक नया रिकॉर्ड है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने यह जानकारी दी। सिन्हा ने सभी अधिकारियों, सेवा प्रदाताओं और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और कड़ी मेहनत ने बाबा बर्फानी के हर भक्त के लिए इस पवित्र तीर्थयात्रा को सुगम और यादगार बना दिया है। सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “श्री अमरनाथ जी यात्रा ने केवल 12 दिनों में तीन लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार कर एक नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है।” यह यात्रा तीन जुलाई को शुरू हुई थी और 10 जुलाई को इसने दो लाख का आंकड़ा पार कर लिया था। इस यात्रा का समापन रक्षा बंधन के अवसर पर 28 अगस्त को होगा। पिछले साल कुल 4.10 लाख श्रद्धालुओं ने दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में स्थित इस पवित्र गुफा की यात्रा की थी और प्राकृतिक रूप से बनने वाले बर्फ के शिवलिंग के दर्शन किए थे।





