
पाकुड़: आजसू नेता और 2024 विधानसभा चुनाव के उम्मीदवार रहे अजहर इस्लाम के घर बुधवार सुबह छापेमारी की कार्रवाई की गई। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जानकीनगर स्थित उनके आवास पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और अधिकारी जांच में जुटे हुए हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छापेमारी किस एजेंसी ने की है और यह कार्रवाई किस मामले को लेकर की जा रही है। अधिकारियों की टीम अजहर इस्लाम के घर पर जांच-पड़ताल कर रही है।
बता दें कि अजहर इस्लाम को पिछले विधानसभा चुनाव में आजसू पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया था। चुनाव में उनका मुकाबला पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की पत्नी निशात आलम से हुआ था, जिसमें निशात आलम ने उन्हें 86,029 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। अजहर इस्लाम एक बड़े पत्थर कारोबारी भी हैं। छापेमारी की इस कार्रवाई को उनके कारोबारी गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, जांच एजेंसी या अधिकारियों की ओर से अभी तक छापेमारी के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

