
महुआडांड: स्थानीय ग्रामीणों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। मंगलवार को ग्राम लोध, चटकपुर में नए ग्राम प्रधान के चयन को लेकर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। बैठक में गांव के बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। विशेष ग्राम सभा की अध्यक्षता श्री श्याम राम ने की। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने आपसी सहमति से अरुण नगेसिया को अपना नया ग्राम प्रधान चुन लिया। सर्वसम्मति से चयन के बाद अरुण नगेसिया ने ग्राम प्रधान का पदभार संभाला और पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उन्होंने ग्रामीणों के हितों को प्राथमिकता देते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ ग्राम प्रधान के दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से हुआ चयन
ग्राम प्रधान चयन की प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए अंचल और प्रखंड कार्यालय की ओर से अधिकारियों की तैनाती की गई थी। राजस्व उपनिरीक्षक (सीआई) अमित कुमार और जनसेवक सह पंचायत सचिव लव कुमार पासवान को विशेष रूप से प्रतिनियुक्त किया गया था। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय थाना पुलिस के अधिकारी और जवान भी मौके पर मौजूद रहे।
प्रधान का पद खाली होने से प्रभावित हो रहे थे काम
गांव में लंबे समय से ग्राम प्रधान का पद खाली था, जिसके कारण कई सरकारी और विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब नए ग्राम प्रधान के चयन के बाद ग्रामीणों को जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र समेत अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों में सुविधा मिलने की उम्मीद है। अरुण नगेसिया के ग्राम प्रधान चुने जाने के बाद पूरे लोध गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को बधाई देकर इस फैसले पर अपनी प्रसन्नता जताई।

