उपायुक्त के निर्देशों से बदलेगी महुआडांड़ की तस्वीर: 16 अगस्त से नया अस्पताल शुरू, बहुउद्देशीय स्टेडियम को मिली हरी झंडी

लातेहार डीसी संदीप कुमार के महुआडांड़ दौरे में विकास योजनाओं की समीक्षा हुई। स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, कृषि और आधारभूत सुविधाओं को लेकर कई अहम फैसले लिए गए, नई उम्मीद जगी।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार: महुआडांड़ लातेहार जिले के उपायुक्त संदीप कुमार के महुआडांड़ दौरे ने पूरे प्रखंड में विकास की नई लहर ला दी। बुधवार को DC ने करीब 6 घंटे तक क्षेत्र में रहकर स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, कृषि और आधारभूत संरचना से जुड़ी 8 महत्वपूर्ण योजनाओं का गहन निरीक्षण किया और कई ऐतिहासिक निर्णय लिए।

किसानों को मिलेगा बेहतर बाजार

दौरे की शुरुआत ग्राम रामपुर स्थित नेतरहाट फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी की जीराफूल चावल प्रसंस्करण इकाई से हुई। DC ने इकाई की कार्यप्रणाली देखी और अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय किसानों को अधिक से अधिक इस योजना से जोड़ा जाए ताकि उनके उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिल सके।

16 अगस्त से मिलेगी नई स्वास्थ्य सुविधा

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पुराने भवन की जर्जर स्थिति देख DC ने नाराजगी जताई। निर्माणाधीन नए 30 बेड अनुमंडल स्तरीय अस्पताल का जायजा लेते हुए उन्होंने निर्माण एजेंसी को 1 महीने के अंदर काम पूर्ण कर स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर करने का सख्त आदेश दिया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित खलखो को 15 अगस्त के बाद 16 अगस्त से नई बिल्डिंग में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने का निर्देश दिया। DC ने कहा अब महुआडांड़ वासियों को इलाज के लिए दर-दर भटकना नहीं पड़ेगा। प्रखंड कार्यालय परिसर में DC ने सभी भवनों का निरीक्षण किया। BDO संतोष कुमार बैठा को निर्देश दिया कि मरम्मत योग्य भवनों की तुरंत मरम्मत कराई जाए और जो भवन अत्यधिक जर्जर हैं उन्हें तोड़कर नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए।

महुआडांड़ को मिलेगा बहुउद्देशीय स्टेडियम

आवासीय विद्यालय और स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस आदिवासी अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर और स्थानीय लोगों ने मांग रखी कि स्टेडियम को केवल हॉकी तक सीमित न रखकर फुटबॉल, क्रिकेट, एथलेटिक्स सहित सभी खेलों के लिए विकसित किया जाए। DC ने इस मांग को स्वीकार करते हुए कहा कि स्टेडियम का विकास सभी खेलों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

7 सूत्री मांग पत्र पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

प्रखंड कार्यालय में आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर ने DC को क्षेत्र की समस्याओं को लेकर 7 सूत्री मांग पत्र सौंपा। इसमें चैनपुर में लंबित बिजली सब-स्टेशन को चालू करना, खराब सोलर जलमीनारों की मरम्मत, काठो-गंशा-चैनपुर में स्कूल तक पक्की सड़क, मेढ़ारी भीतरकोना तक सड़क, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना और पोटमाडीह में स्टेडियम निर्माण की मांग शामिल थी। DC ने सभी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का आदेश दिया। चैनपुर सब-स्टेशन के लिए NOC भेजे जाने की जानकारी भी दी।

SIR में उत्कृष्ट कार्य करने वाली BLO सम्मानित

दौरे के समापन पर DC ने विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 में उत्कृष्ट कार्य के लिए बूथ संख्या 262 उत्क्रमित मध्य विद्यालय सुरकई की BLO लखनी नगेसिया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. राजमोहन खलखो, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मडकी,एसडीओ महुआडांड़ सुलेमान मुंडारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी गौतम कुमार साहू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष बैठा, थाना प्रभारी मनोज कुमार सहित प्रशासनिक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।