ठाणे में लोकल ट्रेन में सीट को लेकर झगड़ा, तीन यात्री घायल

ठाणे में लोकल ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद में तीन यात्री घायल हो गए। जीआरपी जांच में धारदार हथियार से हमले की बात गलत पाई गई।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक लोकल ट्रेन में बुधवार देर रात को सीट को लेकर हुए झगड़े में तीन यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। कल्याण राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की वरिष्ठ निरीक्षक अर्चना दुसाने ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना अंबरनाथ जाने वाली लोकल ट्रेन के सामान रखने वाले डिब्बे में हुई। मध्य रेलवे ने बताया कि जीआरपी की शुरुआती जांच में पता चला है कि हाथापाई के दौरान दो यात्रियों को सिर पर चोट किसी धारदार हथियार से नहीं बल्कि उनमें से एक व्यक्ति के धातु के ‘कड़े’ की वजह से लगी थीं। मध्य रेलवे ने एक बयान में कहा कि चलती परेल-अंबरनाथ ट्रेन में रात करीब साढ़े 12 बजे यह विवाद हुआ।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तीन यात्रियों के बीच हाथापाई हुई, जिनमें से दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मी कल्याण रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही वहां पहुंचे।

दुसाने के अनुसार, जांच से पता चला है कि डोंबिवली और ठाकुरली स्टेशनों के बीच चलती ट्रेन में सीट साझा करने को लेकर कुछ यात्रियों के बीच तीखी बहस हो गई।
जीआरपी की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना में घायल किसी भी व्यक्ति के पास कोई धारदार हथियार नहीं था। मध्य रेलवे के बयान के अनुसार, ‘‘हाथापाई के दौरान एक व्यक्ति द्वारा अपनी कलाई पर पहने धातु के कड़े के कारण अन्य व्यक्ति के सिर पर चोट लगी।’’ घायल व्यक्तियों का पहले प्राथमिक उपचार किया गया और फिर उन्हें स्ट्रेचर से कल्याण के रुक्मणिबाई अस्पताल ले जाया गया।

बयान के अनुसार, घायलों में से एक को सिर में गंभीर चोट आई है, उसे बाद में बेहतर उपचार के लिए मुंबई के लोकमान्य तिलक नगर निगम अस्पताल (सायन अस्पताल) रेफर किया गया। मध्य रेलवे ने बताया कि एक और घटना में बुधवार रात कुर्ला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर हाथ में लकड़ी का डंडा लेकर भागते हुए एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। व्यक्ति की हरकत से यात्रियों में दहशत फैल गई। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत पकड़ लिया। व्यक्ति की पहचान साजिद अब्दुल करीम चौधरी (49) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पता चला कि व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर है। मामले में आगे की जांच कर रहे मध्य रेलवे ने बताया कि वह व्यक्ति अभी जीआरपी की हिरासत में है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।