

Ranchi Municipal Corporation : रांची नगर निगम द्वारा 13 जुलाई को मोरहाबादी वेंडिंग जोन-2 में किए गए निरीक्षण और जांच के आधार पर आज 80 वेंडरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि कई आवंटित वेंडरों ने अपनी दुकानें किराये पर दे रखी हैं, कई लाभुकों ने दुकान आवंटित होने के बावजूद अब तक व्यवसाय प्रारंभ नहीं किया है।





कुछ वेंडर निगम के निर्धारित नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, कुछ दुकानों में नशीले पदार्थों की बिक्री की शिकायत एवं पुष्टि हुई है, जबकि कुछ लाभुक दुकान आवंटित होने के बावजूद सड़क किनारे अवैध रूप से व्यवसाय संचालित करते पाए गए।
इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित 80 वेंडरों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 48 घंटे के भीतर शपथ-पत्र के साथ अपना स्पष्टीकरण रांची नगर निगम में जमा करने का निर्देश दिया गया है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने अथवा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित वेंडरों के विरुद्ध नगर निगम के प्रावधानों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें दुकान आवंटन निरस्त करने सहित अन्य विधिसम्मत कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
रांची नगर निगम ने सभी वेंडरों से अपील की है कि वे आवंटन की शर्तों और निगम के नियमों का पूर्णतः पालन करें। साथ ही वेंडिंग जोन की व्यवस्था, स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने में सहयोग करें।
