
रांची: बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का असर अब झारखंड में दिखाई देने लगा है। राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का अनुमान जताया है। शुक्रवार को सबसे ज्यादा 61 मिमी बारिश रामगढ़ में दर्ज की गई। इसके अलावा रांची में 20 मिमी, जमशेदपुर में 9 मिमी, बोकारो में 10 मिमी, चाईबासा में 20 मिमी, खूंटी में 5 मिमी, लोहरदगा में 10 मिमी और कोडरमा में 7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रांची में देर रात तक बारिश होती रही, जबकि शनिवार सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए हुए हैं।
20 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, 20 जुलाई तक झारखंड के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 18 जुलाई को रांची, गढ़वा, चतरा, पलामू, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और रामगढ़ में भारी बारिश हो सकती है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में बादल छाए रहने के साथ कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 19 जुलाई को रांची, लातेहार, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, खूंटी और लोहरदगा में भारी बारिश का अनुमान है। 20 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लातेहार, लोहरदगा, गढ़वा, पलामू और चतरा में जोरदार बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इन तीनों दिनों के लिए संबंधित जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
अब भी सामान्य से 40 प्रतिशत कम हुई है बारिश
लगातार हो रही बारिश के बावजूद झारखंड में इस मानसून सीजन के दौरान अब तक सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 1 जून से 17 जुलाई के बीच राज्य में सामान्य से 40 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में जहां सामान्य वर्षापात 359.8 मिमी होना चाहिए था, वहीं अब तक केवल 216.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है। राजधानी रांची की बात करें तो यहां भी सामान्य के मुकाबले 24 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

