
युवा महासचिव सैफुल हक बोले ‘कोई भी मतदाता एसआईआर से वंचित न रहे’
रांची : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के तहत रांची जिले के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर 18 और 20 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य मतदाताओं को एसआईआर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) उपलब्ध कराना तथा भरे हुए प्रपत्र प्राप्त करना है। इस अभियान को सफल बनाने में जमीयतुल इराकीन, रांची भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रही है। संस्था के युवा महासचिव सैफुल हक के नेतृत्व में पूरी टीम लोगों को एसआईआर फॉर्म भरने, आवश्यक जानकारी देने तथा फॉर्म जमा कराने में लगातार 6 जुलाई से मुमताज के नेतृत्व में सहायता कर रही है।
सैफुल हक ने बताया कि अभियान को देखते हुए जमीयतुल इराकीन ने अपने भवन को आम लोगों के लिए सहायता केंद्र के रूप में खोल दिया है। उन्होंने कहा, शादी-ब्याह की बुकिंग बाद में भी हो जाएगी, लेकिन कोई भी पात्र मतदाता एसआईआर अभियान से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को समय पर फॉर्म भरवाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे विशेष शिविर का लाभ उठाएं और समय रहते अपना एसआईआर फॉर्म भरकर जमा करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर सैफुल हक, दस्तगीर आलम, मुजाहिदुल इस्लाम, जावेद शहजाद, अतहर हुसैन सहित जमीयतुल इराकीन रांची के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पूरे दिन लोगों की सहायता में जुटे रहे।

