
- रामोल इलाके में RAF कैंप के पीछे हुई घटना, पुलिस ने हत्या और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज करने की बात कही।
Firecracker Factory Blast : गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाके से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 9 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
यह घटना रामोल थाना क्षेत्र के मेहमदपुरा इलाके में RAF कैंप के पीछे स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुई। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फैक्ट्री में आग लगने के बाद पास के RAF कैंप के जवान भी लोगों की मदद के लिए मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
ज़ोन-1 के डीसीपी ने बताया कि हादसे में 5 लोगों की मौत हुई है और 9 लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री बिना अनुमति के संचालित की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामोल पुलिस हत्या सहित विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच करेगी।
फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और वहां इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री कैसे रखी गई थी। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

