


कोट्टयम (केरल): केरलम में बीटेक के चौथे वर्ष के एक छात्र को कथित तौर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से छात्राओं समेत सहपाठियों की तस्वीरों से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।





पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्र अजमल को एट्टूमनूर स्थित मंगलम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के छात्रों की शिकायत के बाद पकड़ा गया।
कुछ छात्रों को कथित रूप से पता चला था कि उनकी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल किया गया है, जिसके बाद उन्होंने शिकायत की। पुलिस ने बताया कि अजमल के पास एक महंगा स्मार्टफोन था और कई छात्र उससे अपनी तस्वीरें खिंचवाने के लिए संपर्क करते थे।
इस दौरान उसने अपनी कक्षा की छात्राओं समेत कई विद्यार्थियों और कॉलेज से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में तस्वीरें ली थीं।
पुलिस ने बताया कि यह मामला हाल में तब सामने आया जब एक दूसरे छात्र की नजर अजमल के लैपटॉप पर पड़ी और कथित तौर पर उसे पता चला कि कुछ तस्वीरों का गलत इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने बताया कि तस्वीरों में डिजिटल तरीके से बदलाव कर एआई की मदद से अश्लील तस्वीरें बनाई गई थीं।
इसके बाद छात्रों ने अपने शिक्षकों और अभिभावकों को इसकी जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को कॉलेज जाकर प्रारंभिक जांच की।
पुलिस ने बताया कि अजमल का मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया गया और कथित तौर पर उनमें छेड़छाड़ की हुई तस्वीरें पाईं गईं। उसने बताया कि इसके बाद अजमल को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सूचना प्रौद्योगिकी कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, अजमल को शुक्रवार को थाने से जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, उसका मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अभी पुलिस के कब्जे में हैं और उनकी विस्तृत जांच की जा रही है।
