
रांची : रांची नगर निगम की जलापूर्ति शाखा द्वारा अवैध वाटर कनेक्शन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाते हुए वार्ड संख्या-11 स्थित कुरैशी मोहल्ला में बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 30 अवैध वाटर कनेक्शन को चिन्हित कर उन्हें तत्काल प्रभाव से काट दिया गया।
नगर निगम की टीम द्वारा संबंधित उपभोक्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे एक सप्ताह के भीतर अपने वाटर कनेक्शन को नियमित (रेगुलराइज) कराते हुए विधिवत वैध जल कनेक्शन प्राप्त करें। निर्धारित अवधि के भीतर वैध कनेक्शन नहीं लेने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने, राजस्व की हानि रोकने तथा सभी नागरिकों को समान रूप से जलपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवैध वाटर कनेक्शन के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल वैध वाटर कनेक्शन का उपयोग करें तथा नगर निगम के नियमों का पालन करते हुए समय पर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करें।
रांची नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध वाटर कनेक्शन की जानकारी हो, तो उसकी शिकायत निगम के टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर दर्ज कराएं। प्राप्त शिकायतों पर त्वरित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
दूसरी ओर, शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और नागरिकों की आवाजाही को आसान करने के उद्देश्य से नगर निगम की एनफोर्समेंट टीम ने दीनदयाल चौक, हरमू रोड से अरगोड़ा चौक तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य मार्ग से जुड़े कनेक्टिंग रास्तों के टर्निंग पॉइंट्स पर किए गए अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया। अभियान के तहत 7 अस्थायी संरचनाओं को ध्वस्त किया गया, 5 गुमटी/ठेले जब्त किए गए तथा अवैध रूप से लगाए गए 10 विज्ञापन बोर्ड व होर्डिंग्स को हटाया गया।
इसके अलावा 5 दुकानों में ट्रेड लाइसेंस की जांच की गई, जिसमें वैध लाइसेंस न पाए जाने पर दुकानों को तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी सार्वजनिक स्थलों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। सभी से समय पर व्यापार लाइसेंस लेने व सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करने की अपील की है।

