
धनबाद : धनबाद के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी। अब धनबाद के सदर अस्पताल के मरीजों को जल्द ही कई नई सुविधाओं का लाभ मिलने वाला है। इनमें से एक सुविधा अस्पताल परिसर में कार और बाइक के लिए पार्किंग का निर्माण है। जानकारी के मुताबिक, एक सप्ताह के अंदर इसका उद्घाटन होने की संभावना है। साथ ही अगस्त में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी), आईसीयू और नई कैंटीन की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी।
यह जानकारी डीडीसी सन्नी राज ने गुरुवार को सदर अस्पताल और सिविल सर्जन कार्यालय के निरीक्षण के बाद दी। उन्होंने अस्पताल की अलग-अलग व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
डीडीसी ने बताया कि नई पार्किंग शुरू होने के बाद अस्पताल परिसर में वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग खत्म होगी और एंबुलेंस सीधे सदर अस्पताल के पोर्टिको तक पहुंच सकेंगी। इससे मरीजों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने का काम तेजी से चल रहा है। अगस्त से मॉड्यूलर ओटी, आईसीयू और नई कैंटीन शुरू होने से मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल की तीसरी मंजिल के निर्माण और सिविल सर्जन कार्यालय के जीर्णोद्धार पर करीब 10.5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, पुराने गैराज को आधुनिक पार्किंग में बदला जाएगा। इन नई सुविधाओं के शुरू होने के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं पहले से अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक हो जाएंगी।

