
रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पार्टी और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस राष्ट्र विरोधी ताकतों से हाथ मिलाकर देश को कमजोर करने की साजिश रच रही है। रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र है। यह दिल्ली में युवाओं को भड़काकर राजनीति करती है और झारखंड में युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करती है।
आदित्य साहू ने कहा कि राज्य में पिछले 6 वर्षों के दौरान जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, उत्पाद सिपाही भर्ती और शिक्षक नियुक्ति जैसी जितनी भी परीक्षाएं हुई हैं, सभी के प्रश्न पत्र लीक हुए हैं। सरकार इस गंभीर मुद्दे पर सीआईडी जांच का ढोंग कर रही है, जो महज खानापूर्ति और आईवॉश है।
उन्होंने मांग की कि झारखंड में हुई सभी विवादित परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराई जाए। साथ ही भाजपा के आंदोलन के बाद दबाव में इस्तीफा देने वाले जेपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट मामले में गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई कर फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया, जबकि झारखंड सरकार शराब घोटाले की तरह जेपीएससी मामले को भी दबाने में जुटी है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव के दौरान हुई हिंसक घटना पर आक्रोश जताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हिंदपीढ़ी से उपद्रवियों को बुलाकर भाजपा कार्यकर्ताओं पर पत्थर, अंडे और टमाटर से हमला करवाया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता अपने कार्यालय की रक्षा में डटे रहे। उन्होंने मौके पर तैनात कुछ पुलिस अधिकारियों पर कांग्रेस कार्यकर्ता की तरह एकतरफा लाठीचार्ज करने का आरोप लगाते हुए उन्हें तुरंत बर्खास्त करने की मांग की। इस हमले में संजय चौधरी, संजीत सिंह, सौरभ कश्यप, राफिया नाज, जॉनी वाकर खान सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा इस मामले में कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराएगी। उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के पास कांग्रेस के प्रदर्शन को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री का अपमान पूरे देश का अपमान है, जिसे जनता कभी माफ नहीं करेगी। प्रेसवार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, संदीप वर्मा और शोभा यादव भी उपस्थित थे।

