
रांची : नगर निगम ने शहर को सुव्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए गुरुवार को विशेष अभियान चलाते हुए कई इलाकों में सड़कों व फुटपाथ से अवैध कब्जा हटाया। वहीं नियम उल्लंघन पर 12 भवनों को नोटिस जारी किया है।
निगम की इन्फोर्समेंट टीम ने कचहरी चौक से न्यू मार्केट चौक, परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक और अरगोड़ा चौक से डिबडीह पुल तक अभियान चलाकर फुटपाथों व सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अस्थायी कब्जों को साफ कराया।
इस दौरान कचहरी चौक से न्यू मार्केट चौक के बीच 4 ठेले, टेबल, बेंच जब्त कर 2 अस्थायी दुकानों को हटाया गया, जबकि फिरायालाल क्षेत्र में फुटपाथ पर कब्जा जमाए 4 ठेले जब्त कर ठेला-खोमचों को हटाया गया।
इसके साथ ही नगर निगम और नगर निवेशक शाखा की संयुक्त टीम ने अरगोड़ा बायपास रोड स्थित मुख्य मार्ग के 12 भवनों में निर्माण और उपयोग से जुड़ी गंभीर गड़बड़ियां पकड़ी हैं।
इन भवनों में बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण, आवासीय भवनों का गैर-आवासीय व्यावसायिक उपयोग, सेटबैक एरिया में अतिक्रमण और गिफ्ट डीड की भूमि पर कब्जे के मामले सामने आए हैं।
नगर निगम ने सभी 12 भवन स्वामियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तय सीमा में जवाब व सुधार का निर्देश दिया है। निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अनुपालन न होने पर झारखंड नगरपालिका अधिनियम-2011 एवं झारखंड भवन उपविधि-2016 के तहत भवनों को सील किया जाएगा।
निगम के अधिकारियों ने कहा कि शहर की सड़कों और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के खिलाफ यह कठोर अभियान आगे भी जारी रहेगा।

