
सरायकेला: सरायकेला जिले की आरआईटी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी इन बाइकों को बेचने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस के मुताबिक, आरआईटी थाना कांड संख्या 34/26 के तहत थाना प्रभारी रविकांत पराशर के नेतृत्व में 22 जुलाई को कुलूपटांगा फुटबॉल मैदान के पास छापेमारी की गई। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और जांच के दौरान उनके पास मौजूद तीनों मोटरसाइकिल चोरी की निकलीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू लोहार (23 वर्ष), बासुदेव लांगुरी (22 वर्ष) और आदित्य राज (21 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों सरायकेला क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। राजू लोहार और बासुदेव लांगुरी के खिलाफ वर्ष 2023 में चोरी के मामले दर्ज हैं, जबकि आदित्य राज के विरुद्ध वर्ष 2024 में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की इन मोटरसाइकिलों का संबंध अन्य मामलों से भी है या नहीं। मामले की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविकांत पराशर के अलावा पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार महतो, नरेंद्र मुंडा, विक्रम कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

