
तिरुवनंतपुरम : मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता पी. ए. मोहम्मद रियास ने शनिवार को केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन की आलोचना करते हुए उन पर ‘‘राजनीतिक झूठ’’ फैलाने और नयी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) एवं छात्रों के विरोध प्रदर्शन के समर्थन में मजबूत रुख नहीं अपनाने का आरोप लगाया। रियास ने संवाददाताओं से कहा कि सतीशन ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के बाहर प्रदर्शन में हिस्सा लिया, लेकिन राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ कॉजपा और छात्रों के आंदोलन के समर्थन में एक शब्द भी नहीं कहा।
माकपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि सतीशन ने दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस के ‘‘बर्बर हमलों’’ पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने मुख्यमंत्री पर इस मुद्दे पर ‘‘दोहरा मापदंड’’ अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि केरल पुलिस दिल्ली में कॉजपा के नेतृत्व वाले आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन या कार्यक्रम आयोजित करने वालों के खिलाफ मामले दर्ज कर रही है।उन्होंने मांग की, ‘‘ऐसे मामले वापस लिए जाने चाहिए।’’
रियास ने आरोप लगाया कि सतीशन अपने नियमित संवाददाता सम्मेलनों का इस्तेमाल ‘‘झूठ’’ फैलाने के लिए कर रहे हैं।
केरल के पूर्व मंत्री ने कहा, ‘‘वह सिर्फ झूठ बोल रहे हैं। उनका दिमाग राजनीतिक झूठ गढ़ने वाला कारखाना बन गया है।’’
रियास ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दिल्ली में प्रदर्शन को दबाने या बाधित करने के लिए हरसंभव उपाय कर रही है, लेकिन विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर रोक लगाने और प्रदर्शन स्थल के आसपास इंटरनेट सेवा सीमित या बंद करने के बावजूद वह विफल रही है।

