
महुआडांड़ (लातेहार): महुआडांड़ अनुमंडल मुख्यालय स्थित एसडीओ एवं डीएसपी कार्यालय के पीछे लंबे समय से अवैध गौकशी एवं मवेशियों की तस्करी की मिल रही शिकायतों के आधार पर महुआडांड़ पुलिस ने शुक्रवार रात विशेष छापामारी अभियान चलाया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) पूजा कुमारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से कुल 27 मवेशी बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से कथित गौकशी में प्रयुक्त उपकरण एवं अन्य सामग्री भी जब्त की।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि इस मामले में महुआडांड़ थाना कांड संख्या 39/2026, दिनांक 25 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 एवं 3(5) तथा झारखंड पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम, 2005 की धारा 12(1) एवं 12(3) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्राथमिकी में मारूफ अंसारी एवं उनकी पत्नी, यूसुफ अंसारी एवं उनकी पत्नी, युबेद अंसारी (पिता–मारूफ अंसारी), मंजुल अंसारी एवं उनकी पत्नी, मफूज अंसारी एवं उनकी पत्नी, आबिद अंसारी एवं उनकी पत्नी तथा मो. कैफ अंसारी उर्फ जावेद को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस के अनुसार, नामजद अभियुक्तों में से मफूज अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गौकशी एवं मवेशियों की तस्करी को लेकर पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाया गया, जिसमें यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
इस छापामारी अभियान में डीएसपी पूजा कुमारी, थाना प्रभारी मनोज कुमार, पुअनि इंद्रदेव रजवार, आनंद रवि, सअनि राम कुमार सिंह, नागेश्वर महतो, मो. शमशेर तथा महुआडांड़ थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

