
NEET पेपर लीक मामले को लेकर कई दिनों से जारी छात्र आंदोलन के बीच शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद देशभर में इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है। छात्र संगठनों और आंदोलन का समर्थन करने वाले लोगों ने इसे युवाओं की आवाज की जीत बताया। जंतर-मंतर पर आंदोलन से जुड़े अभिजीत दीपके ने कहा, “लोग कहते थे कि इस सरकार में इस्तीफे नहीं होते, लेकिन झुकती है दुनिया, झुकाने वाला चाहिए।” वहीं धर्मेंद्र प्रधान ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने इस्तीफे की जानकारी साझा की।
प्रकाश राज ने युवाओं को दी बधाई
अभिनेता प्रकाश राज ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “बधाई हो मेरे प्यारे कॉकरोच्स, प्रिय सोनम वांगचुक और उन सभी लोगों को जिन्होंने युवाओं का साथ दिया। आपने साबित कर दिया कि आप किसी भी सत्ता को घुटनों पर ला सकते हैं।” इसके साथ ही उन्होंने संविधान की प्रति हाथ में लिए अपनी तस्वीर भी साझा की। प्रकाश राज का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोनाक्षी सिन्हा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर जताई खुशी
अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा पिछले कई दिनों से छात्रों के आंदोलन का समर्थन कर रही थीं। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसकी जानकारी साझा की। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा कि “धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया।” इस स्टोरी के बैकग्राउंड में फिल्म ‘धुरंधर’ का गाना ‘आरी आरी’ भी सुनाई दिया, जिसे उनके फैंस एक प्रतीकात्मक संदेश के रूप में देख रहे हैं।
अरमान मलिक और सनी हिंदुजा ने कहा- युवाओं की ताकत
गायक अरमान मलिक ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में केवल दो शब्द लिखे—”युवाओं की शक्ति।” वहीं अभिनेता सनी हिंदुजा, जिन्हें दर्शक संदीप भइया के नाम से भी जानते हैं, ने लिखा कि यह वास्तव में एक सकारात्मक बदलाव है। उन्होंने छात्रों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब युवा एकजुट होकर खड़े होते हैं तो बड़ा परिवर्तन संभव हो जाता है। उनके मुताबिक यह दिन इतिहास में याद रखा जाएगा।
प्रियंका चोपड़ा और विजय वर्मा का भी आया रिएक्शन
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से जुड़ी खबर साझा की। उन्होंने फिल्म ‘रॉकस्टार’ के लोकप्रिय गीत ‘साडा हक’ को टैग करते हुए अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की और साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तस्वीर भी साझा की। दूसरी ओर अभिनेता विजय वर्मा ने हल्के-फुल्के अंदाज में धर्मेंद्र प्रधान की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “अच्छा चलता हूं, दुआओं में याद रखना।” उनका यह पोस्ट भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

