
Ranchi Railway Station : रांची रेलवे स्टेशन पर टीटीई बनकर यात्रियों से ठगी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गिरफ्तार किया है। 25 जुलाई को आरपीएफ पोस्ट रांची की टीम ने ‘ऑपरेशन रक्षक’ के तहत स्टेशन परिसर में छापेमारी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ फर्जी टीटीई रांची स्टेशन के आसपास सक्रिय हैं, जो टिकट का भरोसा देकर यात्रियों से पैसे ऐंठ रहे हैं।
निगरानी के दौरान यूटीएस बुकिंग ऑफिस के पास से महेश साहनी और चंदन कुमार नाम के दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान एक पीड़ित यात्री उमर साद खान ने बताया कि दोनों ने कन्फर्म टिकट दिलाने के नाम पर उससे 2,000 ऐंठे थे और बिना टिकट दिए भागने की फिराक में थे।
आरोपियों के पास से ठगी के 2,000 नकद और मोबाइल फोन बरामद हुए। उनसे हुई कड़ाई से पूछताछ के आधार पर गिरोह के दो अन्य साथियों सीतल राय और संतोष साहनी को भी स्टेशन परिसर से धर दबोचा गया।
इस पूरी कार्रवाई में कुल चार आरोपी गिरफ्तार किए गए और उनके पास से सात मोबाइल फोन बरामद हुए। जिनमें से दो चोरी के बताए जा रहे हैं। पूछताछ में चारों ने रेलवे अधिकारी/टीटीई का रूप धारण कर यात्रियों को ठगने और चोरी के फोन रखने की बात कबूल की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने जब्त सामान और आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के हवाले कर दिया है। अभियान में आरपीएफ निरीक्षक शिशुपाल कुमार, एसआई बसंत मलिक, पवन कुमार, कमल दास सहित अन्य बल सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

