रांची में आज से डूरंड कप का रोमांच, सीएम हेमंत सोरेन करेंगे उद्घाटन, शाम 5 बजे पहला मुकाबला

रांची में आज से 135वें डूरंड कप का आगाज होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उद्घाटन करेंगे, जबकि शाम पांच बजे जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Durand Cup 2026 : राजधानी रांची एक बार फिर फुटबॉल के रंग में रंगने जा रही है। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में रविवार से 135वें डूरंड कप के रांची चरण की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में झारखंड की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आर्मी बैंड, फ्लाईपास्ट और स्काई डाइविंग जैसे आकर्षक कार्यक्रम भी होंगे।

शाम 5 बजे से टूर्नामेंट का पहला मुकाबला इंडियन सुपर लीग की टीम जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें रांची पहुंच चुकी हैं और मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

दर्शकों के लिए स्टेडियम के गेट दोपहर 2 बजे से खोल दिए जाएंगे। उद्घाटन समारोह शाम 4 बजे शुरू होगा, जिसमें सेना के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य विशिष्ट अतिथि भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान ट्रॉफी ड्रिल, फीफा एंथम, खिलाड़ियों का मैदान में प्रवेश और पारंपरिक सेरेमोनियल किक भी आयोजित की जाएगी।

आयोजकों ने सुरक्षा के मद्देनज़र स्टेडियम में कई वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया है। हथियार, पटाखे, बाहर का खाना, पानी की बोतलें, बड़े बैग, ड्रोन, पेशेवर कैमरे, नशीले पदार्थ और बड़े झंडे या बैनर अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। दर्शकों से समय से पहले पहुंचने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

जमशेदपुर एफसी के मुख्य कोच कैजाद अंबापार्दीवाला ने कहा कि टीम जीत के साथ अभियान की शुरुआत करना चाहती है। वहीं कप्तान प्रणॉय हल्दर ने भरोसा जताया कि टीम पहले ही मैच में तीन अंक हासिल कर ग्रुप-सी में मजबूत शुरुआत करेगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।