
रांची: रांची नगर निगम ने मोरहाबादी रजिस्ट्री ऑफिस के समीप प्रस्तावित आधुनिक वेंडिंग जोन की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से निर्मित कई संरचना को हटा दिया। निगम ने बताया कि कार्रवाई से पहले संबंधित अतिक्रमणकारी को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त समय और अवसर दिया गया था। लेकिन निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर निगम की टीम ने स्थल को पूरी तरह खाली करा दिया।
नगर आयुक्त के अनुसार शहर के स्ट्रीट वेंडर्स को सुरक्षित, व्यवस्थित और स्थाई कार्यस्थल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग एक एकड़ भूमि पर ₹3.26 करोड़ की लागत से आधुनिक वेंडिंग जोन का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत वेंडर्स के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे उन्हें व्यवस्थित ढंग से व्यवसाय करने का अवसर मिलेगा।
नगर निगम का कहना है कि वेंडिंग जोन बनने से शहर में अनियोजित अतिक्रमण कम होगा, यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा और सड़क किनारे कारोबार करने वाले वेंडर्स को एक स्थाई एवं सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा। निगम ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यातायात सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

