रांची : डोरंडा के काली मंदिर रोड स्थित न्यू काली पूजा समिति की ओर से आयोजित 45वें वार्षिक मां काली पूजा महोत्सव का भव्य शुभारंभ रविवार को हुआ। दक्षिण भारत की प्रसिद्ध कथकली कला एवं केरल की समृद्ध संस्कृति की थीम पर सजे आकर्षक पूजा पंडाल का उद्घाटन रांची के पूज्य संतों के कर-कमलों द्वारा विधिवत किया गया। पंडाल में स्थापित 12 फीट की स्वर्णमयी मां काली की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। समिति के अध्यक्ष शंभू गुप्ता ने बताया कि पिछले 45 वर्षों से समिति द्वारा मां काली की पूजा श्रद्धा एवं भक्ति के साथ निरंतर आयोजित की जा रही है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक पूजा पंडाल, भव्य दरबार, धार्मिक अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की विशेष व्यवस्था की गई है।

उद्घाटन समारोह में शामिल हुए गणमान्य लोग
उद्घाटन समारोह में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, डोरंडा थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह, जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ सहदेव, संजय पांडे, वार्ड 49 की पार्षद जमीला खातून, समाजसेवी रिजवान हुसैन, आंदोलनकारी नेता आजम अहमद, पप्पू वर्मा सहित शहर के कई गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।

भोग-प्रसाद और संकीर्तन से भक्तिमय होगा वातावरण
9 नवंबर को मां की नित्य पूजा के पश्चात दोपहर एक बजे भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच भोग-प्रसाद वितरण होगा। इस अवसर पर इस्कॉन राधा-कृष्ण मंदिर के भक्तों द्वारा राधा नाम संकीर्तन एवं भजन प्रस्तुत किए जाएंगे। 10 एवं 11 नवंबर को पूजा-अर्चना, दर्शन, भजन-कीर्तन और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
12 नवंबर को महाभंडारा, 13 को विसर्जन
12 नवंबर को महाभंडारा एवं भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। पूजा परिसर में बच्चों एवं परिवारों के मनोरंजन के लिए आकर्षक मेले की व्यवस्था भी की गई है, जहां विभिन्न खेलों और खान-पान के स्टॉल श्रद्धालुओं को आकर्षित करेंगे। महोत्सव का समापन 13 नवंबर को भव्य विसर्जन शोभायात्रा के साथ होगा। संध्या तीन बजे मां की प्रतिमा गाजे-बाजे एवं जयकारों के बीच निर्धारित प्रस्थान स्थल से बटन तालाब, डोरंडा की ओर रवाना होगी। विधिवत प्रतिमा विसर्जन के साथ छह दिवसीय पूजा महोत्सव संपन्न होगा। पूजा महोत्सव को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष शंभू गुप्ता, महामंत्री अजय घोष, संरक्षक टापू चंद्र घोष एवं नवरत्न कुमार बाली सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति ने श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर मां काली के दर्शन करने एवं पूजा महोत्सव में शामिल होने की अपील की है।


