जसीडीह में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, 20 मिनट तक रुकी रही वंदे भारत एक्सप्रेस

देवघर के जसीडीह में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव; वाराणसी-देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस करीब 20 मिनट तक रुकी रही।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवघर: जसीडीह थाना क्षेत्र के गंगटी गांव के समीप रविवार को रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के कारण वाराणसी-देवघर वंदे भारत एक्सप्रेस को करीब 20 मिनट तक रोकना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान देवघर के बंपास टाउन खुरादा निवासी 39 वर्षीय संजय वर्णवाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र स्थित जलगोड़वा गांव का रहने वाला था। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान की।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर रेलवे अधिकारियों ने जसीडीह पुलिस को सूचना दी कि पोल संख्या 324/10-12 के पास डाउन लाइन पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही जसीडीह थाना पुलिस और आरपीएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

छानबीन के दौरान पुलिस को मृतक के पास से मोबाइल फोन मिला। इसी के आधार पर परिवार के सदस्यों से संपर्क किया गया। सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों के मुताबिक, संजय रविवार सुबह पूजा का सामान लाने की बात कहकर घर से निकला था। वह देवघर में रहकर काम करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

20 मिनट तक रुकी रही वंदे भारत एक्सप्रेस

रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के कारण वाराणसी से देवघर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस को सुरक्षा के मद्देनजर रोक दिया गया। ट्रेन संख्या 22500 दोपहर 12:57 बजे घटनास्थल के पास पहुंची थी। ट्रैक पर शव दिखाई देने के बाद चालक ने ट्रेन रोक दी। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने और ट्रैक से शव हटाए जाने के बाद दोपहर 1:17 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।