पलामू: झारखंड के पलामू जिले से इलाज में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। मनातू प्रखंड के जसपुर गांव में चार वर्षीय बच्चे की क्लिनिक में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और कंपाउंडर पर गलत इंजेक्शन लगाने तथा इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जसपुर गांव निवासी मिथिलेश कुमार के चार वर्षीय बेटे आयांश कुमार को तेज बुखार था। शनिवार को परिजन उसे इलाज के लिए मनातू पुराना बाजार स्थित डॉ. दीपक कुमार के क्लिनिक लेकर पहुंचे थे। वहां शुरुआती इलाज के बाद बच्चे को इंजेक्शन लगाने के लिए कंपाउंडर संदीप यादव के पास भेजा गया।
परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगाने के कुछ ही देर बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद करीब 3:45 बजे आयांश ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर मनातू थाना प्रभारी विक्की कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, इस घटना के बाद पूरे जसपुर गांव में शोक का माहौल है।


