सावन की तैयारियों में जुटा रांची नगर निगम, मंदिर मार्गों पर 24 घंटे सफाई और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सावन में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रांची नगर निगम ने विशेष तैयारियां की हैं। शिवालयों और कांवड़ मार्गों पर 1200 सफाईकर्मी तैनात रहेंगे, साथ ही पेयजल और रोशनी की व्यवस्था होगी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: सावन माह को देखते हुए रांची नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की स्वच्छता के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। निगम प्रशासन ने फैसला लिया है कि सावन के दौरान शहर के प्रमुख शिवालयों, पहाड़ी मंदिर, सुरेश्वर धाम और स्वर्णरेखा नदी स्थित कांवड़ जल उठाव स्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर तीन पालियों में लगातार सफाई की जाएगी। इसके लिए 1200 सफाई कर्मचारियों को काम पर लगाया गया है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से रविवार और सोमवार को अतिरिक्त टीमें तैनात रहकर पूरे इलाके की मॉनिटरिंग करेंगी। पहाड़ी मंदिर परिसर और इसके मार्गों की निगरानी के लिए 100 सफाई मित्रों को तैनात किया गया है, जबकि स्वर्णरेखा नदी स्थित जल उठाव स्थल पर 40 सफाईकर्मी तैनात रहेंगे। ये कर्मचारी लगातार कचरा उठाने, झाड़ियों की कटाई करने के साथ-साथ ब्लीचिंग पाउडर और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव करेंगे।

नगर निगम ने शिवालयों के आसपास के इलाकों को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त रखने का फैसला किया है। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पहाड़ी मंदिर मार्ग पर छह, स्वर्णरेखा जल उठाव स्थल पर चार और चुटिया स्थित सुरेश्वर धाम में चार पानी के टैंकर रविवार और सोमवार को हमेशा तैनात रहेंगे।

रात के समय श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए पहाड़ी मंदिर, स्वर्णरेखा घाट और प्रमुख पहुंच मार्गों की 364 स्ट्रीट लाइटों की जांच की गई, जिनमें से खराब पाई गईं 189 स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत करा दी गई है और अतिरिक्त लाइटें भी लगाई जा रही हैं। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी मॉड्यूलर और सुलभ शौचालयों की विशेष सफाई और रखरखाव के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।