देश में पेपर लीक उद्योग की असली जननी भाजपा : राकेश सिन्हा

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के बयान को झूठ, पाखंड और राजनीतिक नौटंकी का पुलिंदा बताते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य की सबसे बड़ी दुश्मन यदि कोई पार्टी है तो वह भाजपा है। जिस भाजपा के शासनकाल में देशभर में दर्जनों प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए, लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद हुआ और शिक्षा व्यवस्था पर से विश्वास उठ गया, उसी भाजपा को आज नैतिकता का उपदेश देने का कोई अधिकार नहीं है।

सिन्हा ने कहा कि भाजपा यह बताए कि नीट, यूजीसी-नेट, रेलवे, एसएससी, सेना भर्ती और अन्य कई राष्ट्रीय परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है? क्या इन सबकी जिम्मेदारी हेमंत सोरेन सरकार की थी? भाजपा की केंद्र सरकार ने वर्षों तक पेपर लीक माफिया को संरक्षण दिया और जब देशभर के छात्र सड़कों पर उतरे तब मजबूरी में कानून बनाने का दिखावा किया। आज भाजपा उसी पाप को छिपाने के लिए झारखंड की ओर उंगली उठा रही है।
उन्होंने कहा कि आदित्य साहू पहले यह जवाब दें कि जब भाजपा की सरकार झारखंड में थी तब जेपीएससी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं, नियुक्ति घोटालों और पेपर लीक के खिलाफ उन्होंने कितनी बार आवाज उठाई थी? भाजपा के शासनकाल में युवाओं का भविष्य किस तरह बर्बाद किया गया, यह झारखंड का हर छात्र जानता है। आज वही लोग नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हैं, जिनके शासन में पेपर लीक एक संगठित उद्योग बन गया।

सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। चाहे दिल्ली हो या झारखंड, कांग्रेस हर स्तर पर पारदर्शी जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की पक्षधर है। लेकिन भाजपा का उद्देश्य न्याय नहीं बल्कि राजनीतिक रोटियां सेंकना है। भाजपा छात्रों के दर्द पर राजनीति कर रही है क्योंकि उसके पास जनता के सामने रखने के लिए कोई उपलब्धि नहीं बची है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को यदि वास्तव में सीबीआई पर इतना भरोसा है तो सबसे पहले नीट पेपर लीक, राष्ट्रीय स्तर की भर्ती घोटालों, अग्निवीर योजना से युवाओं के भविष्य के साथ हुए खिलवाड़ और देशभर में हुए परीक्षा घोटालों की जवाबदेही तय करानी चाहिए। भाजपा यह भी बताए कि केंद्र सरकार के संरक्षण में सक्रिय पेपर लीक गिरोहों पर आज तक निर्णायक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।

राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा झारखंड सरकार और कांग्रेस के खिलाफ इस्तेमाल की जा रही अमर्यादित भाषा उनकी राजनीतिक हताशा का प्रमाण है। जनता अब भाजपा के झूठ, दुष्प्रचार और नफरत की राजनीति को पहचान चुकी है। दिल्ली में नारे लगाने से भाजपा के 11 वर्षों की विफलताएं नहीं छिपेंगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। जहां कहीं भी अनियमितता होगी, दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई का समर्थन करेगी। लेकिन भाजपा को यह भ्रम छोड़ देना चाहिए कि झूठे आरोपों और राजनीतिक ड्रामे से वह अपने काले कारनामों पर पर्दा डाल पाएगी। देश और झारखंड की युवा शक्ति अब भाजपा से जवाब मांग रही है, और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से उसका जवाब भी देगी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।