
रांची : झारखंड में JPSC, JSSC-CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षाओं में कथित अनिमितताओं, पेपर लीक और धांधली के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में झारखंड के सांसदों ने दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एक घंटे का मौन उपवास रखा। मौन प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा राज्य के छात्रों और युवाओं के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और इस अन्याय के खिलाफ अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए 1 अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में भाजपा विशाल धरना प्रदर्शन करेगी। इससे पूर्व 31 जुलाई की शाम को सभी जिलों में राज्यव्यापी मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
भाजपा ने मांग की है कि हेमंत सोरेन सरकार JPSC, JSSC-CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में हुई गड़बड़ियों की CBI से निष्पक्ष जांच कराए। आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में पिछले 6 वर्षों से कांग्रेस के समर्थन से चल रही सरकार के दौरान लगातार प्रश्न पत्र लीक हो रहे हैं और 14वीं JPSC परीक्षा में भी भारी धांधली हुई है। उन्होंने कहा, जो कांग्रेस दिल्ली में जोर-शोर से प्रदर्शन करती है, वह झारखंड के भर्ती घोटालों पर किस बिल में छुपी हुई है? कांग्रेस की यह दोहरी राजनीति अब नहीं चलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि विपरीत मौसम और भारी बारिश के बावजूद छात्र सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार के पास उनके लिए न तो संवेदनशीलता है और न ही नैतिकता। सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक 2026 के पारित होने पर विपक्षी दलों द्वारा किए जा रहे विरोध पर टिप्पणी करते हुए कहा कि विपक्ष की नीयत में ही खोट है। हर अच्छे काम का विरोध करना और घपले-घोटालों को बढ़ावा देना विपक्ष की फितरत बन चुका है, लेकिन देश के युवा अब इनके झांसे में आने वाले नहीं हैं।
मौके पर आदित्य साहू के अलावा सांसद बी.डी. राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, ढुल्लू महतो, मनीष जायसवाल और कालीचरण सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

