
रांची: रेलवे सुरक्षा बल ने ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत हटिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या-13352 से 8 लाख मूल्य का 16 किलोग्राम लावारिस गांजा बरामद किया है। 30 जुलाई की सुबह आरपीएफ पोस्ट मुरी के एस्कॉर्ट प्रभारी उपनिरीक्षक सचिन कुमार को ट्रेन 13352 के कोच S-4 के शौचालय के पास दो लावारिस बैग मिले। इसकी सूचना तुरंत हटिया आरपीएफ और रांची फ्लाइंग टीम को दी गई। सुबह 7 बजे ट्रेन के हटिया स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ ने जांच शुरू की, लेकिन आसपास के यात्रियों में से किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया।
सहायक सुरक्षा आयुक्त (रांची) पीएस नेगी के मार्गदर्शन में प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर दोनों बैगों की तलाशी ली गई। डीडी किट से जांच करने पर बैग में मौजूद पदार्थ गांजा निकला, जिसका कुल वजन 16 किलोग्राम पाया गया। फ्लाइंग टीम के उपनिरीक्षक रवि शेखर ने गांजे को मौके पर सील कर जीआरपी हटिया को सौंप दिया। जीआरपी हटिया ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस ऑपरेशन में आरपीएफ रांची, हटिया और मुरी पोस्ट के अधिकारी व जवान उपनिरीक्षक सचिन कुमार, उपनिरीक्षक रवि शेखर, एएसआई प्रभात कुमार और कांस्टेबल कुमार पप्पू, हेमंत व दिलीप कुमार जीतरवाल शामिल रहे।

