
चतरा ; चतरा जिले के एनएच-22 पर चतरा-डोभी मुख्य मार्ग में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार में आ रही एक टाटा नेक्सॉन कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही यात्री बस से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सिंहवाहिनी यात्री बस चतरा से यात्रियों को लेकर गया की ओर जा रही थी। उसी समय हंटरगंज की तरफ से चतरा आ रही टाटा नेक्सॉन कार बस से भिड़ गई। इस दुर्घटना में कार में सवार दो महिलाओं सहित कुल तीन लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत घायलों को अपनी गाड़ी से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बस और कार दोनों को जब्त कर थाना ले गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


