
गिरिडीह ; गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र के कोलडीहा में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर लगने से 47 वर्षीय रिफत प्रवीण की मौत हो गई। वह कोलडीहा निवासी पप्पू खान की पत्नी थीं। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों ने बताया कि रिफत प्रवीण घर से राशन लेने के लिए निकली थीं। तभी गिरिडीह बाजार से पालगंज की ओर जा रहा एक बाइक सवार उन्हें टक्कर मारकर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही बाइक चालक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बाइक चालक पालगंज का रहने वाला है और बाजार से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कोलडीहा में यह हादसा हुआ। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे। महिला की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

