रिनपास में गड़बड़ियों का आरोप, कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री से की प्रभारी निदेशक को हटाने की मांग

रिनपास में कथित वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को ज्ञापन सौंपा और प्रभारी निदेशक को हटाकर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री इरफान अंसारी से शुक्रवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश सचिव एवं सिल्ली विधानसभा प्रभारी मदन कुमार महतो के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता मृदुल राज, रांची जिला कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष रोहित कुमार साहू, जिला कांग्रेस सचिव मिथिलेश तिवारी, पंकज वर्मा, राजेश कुमार समेत कई कांग्रेस नेता शामिल थे।

मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेताओं ने रिनपास, कांके के प्रभारी निदेशक डॉ. जयति सिमलाई को तत्काल पद से हटाने की मांग करते हुए स्वास्थ्य मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में रिनपास से जुड़ी विभिन्न शिकायतों के साथ-साथ कथित वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि रिनपास राज्य का एक महत्वपूर्ण मानसिक स्वास्थ्य संस्थान है। ऐसे संस्थान में प्रशासनिक और वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए। ज्ञापन में संस्थान की खरीद प्रक्रिया, वित्तीय लेन-देन, मरीजों की भर्ती और निजी कंपनियों द्वारा संस्थान परिसर में किए जा रहे प्रचार-प्रसार से जुड़ी शिकायतों की भी जांच कराने का आग्रह किया गया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े मरीजों और उनके परिजनों के हितों से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उनका कहना था कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाना बेहद जरूरी है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि जांच पूरी होने तक रिनपास के प्रभारी निदेशक के पद पर किसी सक्षम और निष्पक्ष अधिकारी की नियुक्ति की जाए।

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया। वहीं, कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि सरकार इस मामले में जल्द आवश्यक कदम उठाएगी और रिनपास में पारदर्शी, जवाबदेह और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।