
चेन्नई: कांग्रेस नेता राहुल गांधी जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के कार्यक्रम ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत पदाधिकारियों से संवाद करने के लिए शनिवार को तमिलनाडु आएंगे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं तमिलनाडु प्रभारी गुलाम अहमद मीर और तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बी. मणिकम टैगोर ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि राहुल गांधी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के लिए आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर (23 जुलाई से 1 अगस्त) के समापन अवसर पर नजदीकी मामल्लपुरम में पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे।

