बांकीपुर उपचुनाव: 20वें दौर की गणना के बाद प्रशांत किशोर भाजपा प्रत्याशी से 11,621 मतों से आगे

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना : बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए सोमवार को मतगणना के 20वें दौर के बाद जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी नीरज कुमार पर 11,621 मतों के अंतर से बढ़त बनाए हुए हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार, 31 में से 20 दौर की मतगणना पूरी होने तक प्रशांत किशोर को 40,169 मत मिले हैं, जबकि भाजपा के नीरज कुमार को 28,548 मत प्राप्त हुए हैं।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी 10,035 मत हासिल कर तीसरे स्थान पर हैं।
प्रशांत किशोर और भाजपा उम्मीदवार के मतों का अंतर बढ़ाने के बाद से भाजपा के प्रदेश कार्यालय में धीरे-धीरे सन्नाटा पसरने लगा है जहां पहले लड्डू तैयार किए जा रहे थे। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पहली बार चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर भाजपा से यह सीट छीनने में सफल होते हैं या नहीं।

बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जनता का जो भी फैसला होगा, उसे स्वीकार किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘ये शुरुआती रुझान हैं। कुछ और दौर की मतगणना के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। हमें उम्मीद है कि जनादेश राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में होगा, क्योंकि हमने सभी जातियों, धर्मों और समुदायों के लोगों के विकास के लिए काम किया है।’’ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के कारण इस सीट के रिक्त होने पर यह उपचुनाव जरूरी हो गया है। भाजपा ने इस सीट से अपने युवा मोर्चा के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।