
Gaya News : गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया गया।
ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि जायसवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि पीड़िता के पिता ने इमामगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि आशीष कुमार नाबालिग को अगवा कर शेरघाटी के एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दो दिनों तक दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, दो दिन बाद आरोपी पीड़िता को वापस छोड़ने के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत मिलने के बाद इमामगंज थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने पकड़ी गुड़िया इलाके में छापेमारी कर आरोपी आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

