हजारीबाग के लाइन होटल में पुलिस की रेड, देसी कट्टा और कारतूस के साथ तीन गिरफ्तार

हजारीबाग के चौपारण में लाइन होटल पर पुलिस छापेमारी में बिहार के तीन युवक हथियार, कारतूस, कार और बाइक के साथ गिरफ्तार। पुलिस संभावित आपराधिक साजिश और नेटवर्क की जांच में जुटी।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Hazaribagh News : हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक लाइन होटल में छापेमारी कर बिहार के तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उनके पास से देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, एक कार और एक बाइक बरामद हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों झारखंड किस मकसद से आए थे और कहीं किसी बड़ी वारदात की तैयारी तो नहीं कर रहे थे।

बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि 30 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस अधीक्षक अमन कुमार से मिली गुप्त सूचना के बाद चौपारण के सियारकोनी स्थित मां गंगोत्री लाइन होटल में छापेमारी की गई। पुलिस टीम ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जिसमें हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के गया जिले के लोदीपुर निवासी अक्षय कुमार, बेला सोनपुर निवासी प्रिंस कुमार और मखदुमपुर थाना क्षेत्र के करण राज के रूप में हुई है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और उनके झारखंड आने के पीछे की वजह खंगाल रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देसी कट्टा, कई जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, एक सफेद रंग की डिजायर कार (BR01DG6000) और एक बुलेट मोटरसाइकिल (JH02BJ4723) जब्त की है। बरामद हथियार और कारतूस की भी जांच कराई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में प्रिंस कुमार और अक्षय कुमार के खिलाफ बिहार में पहले से आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब पुलिस इनके आपराधिक नेटवर्क और संभावित गिरोह से संबंधों की भी जांच कर रही है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।