जामताड़ा में गर्भवती की मौत पर सियासत तेज, बाबूलाल मरांडी ने सरकार को घेरा

जामताड़ा सदर अस्पताल में गर्भवती रीना देवी और अजन्मे बच्चे की मौत पर बीजेपी का हल्ला बोल। बाबूलाल मरांडी ने निष्पक्ष जांच, मुआवजा और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamtara News : जामताड़ा सदर अस्पताल में गर्भवती महिला रीना देवी और उनके अजन्मे बच्चे की मौत के मामले को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी ने जिला मुख्यालय में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ‘हल्ला बोल’ कार्यक्रम के तहत बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना दिया और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले के सदर अस्पताल में ऐसी घटना हो रही है, तो पूरे झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों से मरीजों को निजी नर्सिंग होम भेजा जा रहा है। साथ ही बीजेपी कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक कारणों से केस दर्ज किए जाने का भी आरोप लगाया।

धरना कार्यक्रम में पूर्व विधायक सीता सोरेन ने भी अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने डॉक्टरों की कमी, एम्बुलेंस सेवा और इलाज में कथित लापरवाही जैसे मुद्दे उठाए। वहीं पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान बीजेपी ने सरकार के सामने कई मांगें भी रखीं। पार्टी ने स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे, मृतका के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इसके अलावा बीजेपी नेताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की भी मांग दोहराई गई।

विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। संथाल परगना के कई जिलों से पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।