RIMS Ranchi : राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। संस्थान ने सीनियर रेजिडेंट के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी कर दी है। इसके तहत 10 अलग-अलग विभागों में कुल 11 डॉक्टरों का चयन किया गया है। इन नियुक्तियों से अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने और मरीजों को बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार, सीनियर रेजिडेंट के पदों पर नियुक्ति के लिए 17, 23 और 24 अक्टूबर को साक्षात्कार आयोजित किए गए थे। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की गई है।
ट्रॉमा समेत कई विभागों में हुई नियुक्तियां
जारी सूची के मुताबिक, ट्रॉमा से संबंधित पांच अलग-अलग विभागों में एक-एक डॉक्टर का चयन किया गया है। इसके अलावा नियोनेटोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विभाग में भी एक-एक अभ्यर्थी को चुना गया है।
वहीं, एनेस्थीसिया, क्रिटिकल केयर और मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभागों में भी नियुक्तियां की गई हैं। मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग में दो अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
मरीजों को मिल सकती है बेहतर चिकित्सा सुविधा
रिम्स में इन डॉक्टरों की नियुक्ति से विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। खासकर ट्रॉमा और क्रिटिकल केयर जैसे महत्वपूर्ण विभागों में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने से गंभीर मरीजों के इलाज में मदद मिल सकती है।
इन नियुक्तियों को रिम्स की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


