डाक विभाग में ड्राइवर के 11 पदों पर भर्ती, 63 हजार तक मिलेगी सैलरी

Manu Shrivastava
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अनुभवी ड्राइवरों के लिए भारतीय डाक विभाग ने रोजगार का शानदार अवसर उपलब्ध कराया है। बेंगलुरु स्थित मेल मोटर सर्विस (MMS) में स्टाफ कार ड्राइवर के 11 पदों पर भर्ती की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के तहत 19,900 रुपये से 63,200 रुपये तक का वेतन और अन्य सरकारी भत्तों का लाभ मिलेगा।

कहां-कहां हैं रिक्त पद?

जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 11 पदों में से 10 पद बेंगलुरु स्थित मेल मोटर सर्विस के लिए और 1 पद मैसूरु उप-डिपो के लिए निर्धारित किया गया है। भर्ती प्रतिनियुक्ति (Deputation) या समायोजन (Absorption) के आधार पर की जाएगी। विज्ञापन रोजगार समाचार में प्रकाशित होने की तारीख से 60 दिनों के भीतर आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

क्या है शैक्षणिक योग्यता और अनुभव?

आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसके अलावा उम्मीदवार के पास:

 

हल्के और भारी मोटर वाहन का वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए।

कम से कम 3 वर्ष का ड्राइविंग अनुभव होना चाहिए।

वाहन की सामान्य मरम्मत और रखरखाव की जानकारी होनी चाहिए।

आयु सीमा और पात्रता

यह भर्ती केवल सेवारत केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के लिए है। डाक विभाग के डिस्पैच राइडर और मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) को प्राथमिकता दी जाएगी। यदि विभागीय स्तर पर योग्य उम्मीदवार उपलब्ध नहीं होते हैं, तो अन्य केंद्रीय सरकारी विभागों के पात्र कर्मचारियों पर भी विचार किया जाएगा। आवेदन की अंतिम तिथि तक उम्मीदवार की अधिकतम आयु 56 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके अलावा एक वर्ष के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले सशस्त्र बलों के पात्र कर्मचारी भी आवेदन कर सकते हैं।

कैसे करें आवेदन?

इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित आवेदन पत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ ऑफलाइन आवेदन भेज सकते हैं। आवेदन के साथ शैक्षणिक प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, आयु प्रमाणपत्र, नियुक्ति पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज संलग्न करने होंगे। आवेदन पत्र प्रबंधक, मेल मोटर सर्विस, बेंगलुरु – 560001 के पते पर निर्धारित समय सीमा के भीतर भेजना होगा।

Share This Article