
रांची: रांची में 9 और 10 अगस्त को मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले दो दिवसीय ‘विश्व आदिवासी महोत्सव-2026’ की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गुरुवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें कार्यक्रम को भव्य और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न कोषांगों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि महोत्सव के आयोजन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करें।
उन्होंने कहा कि यह महोत्सव सिर्फ एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि आदिवासी समाज की समृद्ध परंपराओं, कला, संगीत, नृत्य और जीवन शैली को वैश्विक मंच देने का एक ऐतिहासिक अवसर है। तैयारियों का जायजा लेते हुए मोरहाबादी मैदान में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक रूट, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाओं, स्टॉलों के आवंटन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े तमाम पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रशासन का जोर संभावित चुनौतियों का पहले से आकलन कर उनका समय रहते समाधान निकालने पर है। बैठक में ट्रैफिक एसपी, उप विकास आयुक्त, सदर एसडीओ समेत जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

