
रांची: रांची नगर निगम ने अपर बाजार के पुनर्विकास और ‘सखुआ महोत्सव-2026’ की तैयारियों को लेकर दो महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसमें नगर निगम और झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स व ट्रेड यूनियन के प्रतिनिधियों की बैठक में अपर बाजार के पुनर्विकास पर सहमति बनी।
इसमें तय किया गया कि व्यापारी 7 दिनों में अपने व्यावहारिक सुझाव देंगे और बिहारी धर्मशाला में विशेष शिविर लगाकर 31 मार्च 2026 तक के बकाया किराये की वसूली व अभिलेखों का अद्यतन किया जाएगा। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि अपर बाजार रांची की ऐतिहासिक और आर्थिक पहचान है। इसका विकास सभी के साझा सहयोग से एक सुरक्षित और आधुनिक व्यावसायिक केंद्र के रूप में किया जाएगा।
दूसरी ओर ‘सखुआ महोत्सव-2026’ के आयोजन स्थल का मेयर रोशनी खलखो, उप महापौर की नीरज कुमार और नगर आयुक्त ने संयुक्त निरीक्षण किया।
मेयर ने इसे पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का जन-अभियान बताते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे वृक्षारोपण, मंच निर्माण, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश और सुरक्षा समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। नगर निगम ने शहरवासियों से इस हरित पहल में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। दोनों मौकों पर अपर नगर आयुक्त संजय कुमार सहित कई अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

