मेदिनीनगर: झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने अपराध की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। चैनपुर थाना क्षेत्र की मंगरदाहा घाटी से राहुल दुबे गैंग से जुड़े चार युवकों को हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी लहलहे स्थित एक कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग करने की योजना बना रहे थे। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य से जुड़े व्यक्ति से लेवी की मांग की गई थी, लेकिन रकम नहीं मिलने पर गोलीबारी की साजिश रची गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सईद मोसाहिद उर्फ छोटू (21), मोहम्मद सैफ (20), यूसुफ अंसारी (19) और शाहिद खलीफा (20) के रूप में हुई है। सभी चैनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि मंगलवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि मंगरदाहा घाटी में कुछ अपराधी हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद सदर एसडीपीओ राजेश कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
रात करीब 9:15 बजे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक कच्चे रास्ते से डीपीएस स्कूल की ओर भागने लगे। हालांकि, पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया।
दो देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी पिस्तौल, 12 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, दो खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के अनुसार, सईद मोसाहिद के पास से एक देसी पिस्तौल और चार कारतूस मिले। मोहम्मद सैफ के पास से पांच जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ। वहीं, यूसुफ अंसारी के पास से एक देसी पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस मिले।
फायरिंग के बदले मिलने थे दो लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने राहुल दुबे गैंग से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। आरोप है कि लहलहे में निर्माण कार्य से जुड़े व्यक्ति से पहले लेवी मांगी गई थी। मांग पूरी नहीं होने पर कंस्ट्रक्शन साइट पर गोलीबारी की योजना बनाई गई।
एसपी के अनुसार, यूसुफ अंसारी को गैंग की ओर से हथियार और गोलियां उपलब्ध कराई गई थीं। वह गैंग के सदस्य प्रकाश शुक्ला के संपर्क में था। आरोप है कि प्रकाश शुक्ला ने फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के बदले दो लाख रुपये देने का आश्वासन दिया था।
हत्या के मामले में जेल जा चुका है एक आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सईद मोसाहिद का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। वह हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है और इसी साल जुलाई में जेल से बाहर आया था। एसपी ने बताया कि करीब एक महीने पहले चैनपुर थाने में इन युवकों को बुलाकर अपराध से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई थी। इसके बावजूद उनके दोबारा कथित आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की बात सामने आई है।
इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ राजेश कुमार यादव, चैनपुर थाना प्रभारी लालजी समेत पुलिस के अन्य अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


