
इस्लामाबाद : पाकिस्तान के ब्रॉड पीक हिमस्खलन की चपेट में आने से मारे गए मशहूर पर्वतारोही निर्मल पुर्जा (निम्स दाई) समेत 5 अन्य पर्वतारोहियों का पार्थिव शरीर एयरलिफ्ट कर स्कार्दू ले जाया गया है। पाकिस्तानी सेना के हेलिकॉप्टर से गुरुवार को इन पर्वतारोहियों के शव को निकाला गया।
स्थानीय मीडिया ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। दुनिया की 12वीं सबसे ऊंची चोटियों में से एक ब्रॉड पीक पर 43 साल के पुर्जा की अगुवाई में 10 लोगों का दल पर्वतारोहण के लिए निकला था। 30 जुलाई को ब्रॉड पीक पर चढ़ाई के दौरान 6,600 मीटर की ऊंचाई पर (कैंप-2 से कैंप-3 के रास्ते में) एक भयानक हिमस्खलन (बर्फीले तूफान) में पर्वतारोहियों की दुखद मौत हो गई।
पाकिस्तान के अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, एल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान (एसीपी) ने एक बयान में कहा, ‘ब्रॉड पीक पर सबसे मुश्किल रिकवरी ऑपरेशन के बाद, एल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान निर्मल पुर्जा, वांग झोंग, नीमा शेरपा, ग्यालू शेरपा और किल्ली पेम्बा ‘किलू’ शेरपा के शवों को हेलीकॉप्टर से स्कार्दू सीएमएच हॉस्पिटल पहुंचाने की पुष्टि करता है।’
इसमें आगे कहा गया, ‘जरूरी प्रक्रिया और डॉक्यूमेंटेशन के बाद, उन्हें इस्लामाबाद ट्रांसफर कर दिया जाएगा,’ और ये भी बताया गया कि शवों को उनके देश वापस भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

