
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को वीर पुरुष शहीद निर्मल महतो के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही लंबे समय तक हमारे बीच मार्गदर्शक के रूप में रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की भी पुण्यतिथि थी।
वहां भी हम सभी बड़े पैमाने पर एकजुट होकर उन्हें नमन करने पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया। आज हम जिस संवेदनशीलता के साथ इस राज्य के गरीब-गुरबा, किसान और आम नागरिकों के लिए काम कर रहे हैं, उस काम में बाधा डालने के लिए विपक्ष के लोग एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए हैं। लेकिन हम उस लड़ाई को भी जीतेंगे और इस राज्य के करोड़ों लोगों का हक-अधिकार उनके घर तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि बातें बहुत हैं। क्योंकि यह वीरों की धरती है। एक वीर की कहानी सुनाएंगे तो दूसरे वीर की कहानी की कड़ी जुड़ती चली जाएगी। हमारे वीर शहीद आज शारीरिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और आदर्श हमेशा हमारे जीवन के साथ चलेंगे। आप सभी क्रांतिकारी कार्यकर्ताओं का बहुत-बहुत आभार और शुक्रिया। हम अपने वीर शहीदों और मार्गदर्शकों को अपनी प्रेरणा बनाते हुए जीवन का सफर तय करेंगे। मजबूती से, बिना डरे हमें आगे बढ़ना है।

