
ईटानगर: अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने बुधवार को 72 नये चिकित्सा विशेषज्ञों को नियुक्ति पत्र सौंपे और घोषणा की कि सरकार जल्द ही टीआरआईएचएमएस में अंग प्रतिरोपण की सुविधा शुरू करेगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के बयान के अनुसार चिकित्सा विशेषज्ञ भर्ती (एमएसआर) परीक्षा-2026 के सफल उम्मीदवारों के अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए खांडू ने उनकी नियुक्ति को श्रमशक्ति की कमी को पूरा करने और राज्य के दूर-दराज एवं कम सुविधा वाले इलाकों तक विशिष्ट स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक अहम कदम बताया।
तृतीयक स्वास्थ्य सेवा (उच्च-स्तरीय चिकित्सा सेवा) को बेहतर बनाने के कदमों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार, नयी दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल के साथ मिलकर ‘टोमो रिबा इंस्टीट्यूट ऑफ़ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज’ (टीआरआईएचएमएस) में अंग प्रतिरोपण की सुविधा शुरू करने में जुटी है।
उन्होंने कहा कि अभी ‘ऑर्गन परफ्यूजन सिस्टम’ लगाने का काम चल रहा है और आरंभिक चरण में वृक्क प्रतिरोपण की सुविधा शुरू की जाएगी।
खांडू ने कहा, ‘‘हमारा मकसद यह पक्का करना है कि हमारे लोगों को बेहतर इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े। दूर-दराज़ के गांव में रहने वाले मरीज को भी अच्छी स्वास्थ्य सेवा पाने का उतना ही अधिकार होना चाहिए, जितना ईटानगर में रहने वाले व्यक्ति को है।’’

