रांची: रांची स्थित रिम्स के मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब उन्हें लैबोरेटरी रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। डिजिटल सिस्टम शुरू होने के बाद रिपोर्ट सीधे मरीज या उनके परिजन के मोबाइल पर ऑनलाइन उपलब्ध होगी।

शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में सी-डैक के अधिकारियों ने बताया कि रिम्स की प्रयोगशाला को डिजिटल प्रणाली से लाइव करने का काम अंतिम चरण में है। सिस्टम तैयार होने के बाद मरीज ऑनलाइन अपनी जांच रिपोर्ट देख और प्राप्त कर सकेंगे।
इसके अलावा, एबीडीएम के आभा ऐप के जरिए भी मरीजों को उनकी लैब रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाएगी। अपर मुख्य सचिव ने सभी संबंधित कार्यों को 15 सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन योजना के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के इस्तेमाल और उसके क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।


